केरल | केरल में 10 साल बाद सत्ता में लौटी यूडीएफ सरकार के मुख्यमंत्री VD Satheesan ने पद संभालने के बाद अपना पहला दिल्ली दौरा किया. शुक्रवार देर रात राजधानी पहुंचे सतीशन का दिल्ली स्थित केरल हाउस में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की.
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सतीशन ने Mallikarjun Kharge, Rahul Gandhi, Sonia Gandhi और KC Venugopal समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की. उन्होंने चुनाव अभियान के दौरान मिले समर्थन के लिए कांग्रेस हाईकमान का आभार भी जताया.
बताया जा रहा है कि सतीशन ने प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल के साथ बंद कमरे में अलग से बैठक की. इन बैठकों में नई यूडीएफ सरकार की कार्यशैली, नीतियों और आने वाले राजनीतिक एजेंडे पर विस्तार से चर्चा हुई.
यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब केरल कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर पार्टी के भीतर मंथन चल रहा है. माना जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व के साथ इस मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई है.
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सतीशन अगले हफ्ते प्रधानमंत्री Narendra Modi से भी मुलाकात कर सकते हैं. हालांकि अभी तक इस प्रस्तावित बैठक को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
गौरतलब है कि हाल ही में हुए केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन ने वाम मोर्चे को सत्ता से बाहर कर 10 साल बाद राज्य में वापसी की है.