लद्दाख में सेना का चीता हेलीकॉप्टर क्रैश, मेजर जनरल समेत 3 अधिकारी घायल

लद्दाख  | लद्दाख के तांगतसे सेक्टर में भारतीय सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दो पायलट और डिवीजन कमांडर मेजर जनरल सचिन मेहता घायल हो गए. तीनों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लेह के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

सूत्रों के मुताबिक, यह हादसा 20 मई को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास श्योक नदी क्षेत्र में हुआ. बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर अचानक पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना के तुरंत बाद सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

भारतीय सेना के अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी, खराब मौसम या लैंडिंग के दौरान आई दिक्कत जैसी संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है. मामले की विस्तृत जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं.

लद्दाख का ऊंचाई वाला दुर्गम इलाका उड़ान संचालन के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है. ऐसे क्षेत्रों में सेना के हेलीकॉप्टर लगातार निगरानी, सैनिकों की आवाजाही और लॉजिस्टिक सपोर्ट जैसे अहम मिशनों में लगे रहते हैं.

भारतीय सेना में इस्तेमाल होने वाले चीता हेलीकॉप्टर मुख्य रूप से हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन, आपातकालीन मिशन, निगरानी और जरूरी सामान पहुंचाने के लिए उपयोग किए जाते हैं. सेना ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह साफ हो पाएगी.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *