19वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, PM मोदी बोले- आप अब विकसित भारत के भागीदार

देशभर | देशभर के युवाओं के लिए शनिवार बड़ी खुशखबरी लेकर आया. प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 19वें रोजगार मेले के तहत 51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे. देश के 47 शहरों में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए और चयनित युवाओं को बधाई दी.

इस रोजगार मेले के जरिए रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य विभाग, वित्तीय सेवाएं और उच्च शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी गईं. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज दुनिया भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को नए नजरिए से देख रही है.

PM मोदी ने कहा कि नौकरी पाने वाले युवा सिर्फ अपने करियर की शुरुआत नहीं कर रहे, बल्कि वे देश की विकास यात्रा के अहम सहभागी भी बन रहे हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में यही युवा विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाएंगे.

प्रधानमंत्री ने युवाओं की मेहनत और परिवारों के योगदान की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी हासिल करने के पीछे सिर्फ उम्मीदवार की मेहनत नहीं, बल्कि पूरे परिवार का सहयोग और त्याग भी शामिल होता है. यह सिर्फ रोजगार नहीं, बल्कि देश सेवा का अवसर है.

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने हालिया विदेश दौरों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि नीदरलैंड्स के साथ सेमीकंडक्टर, जल प्रबंधन और कृषि, स्वीडन के साथ AI और डिजिटल इनोवेशन, जबकि नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और समुद्री सहयोग पर महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं. उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों में यही क्षेत्र वैश्विक विकास को दिशा देंगे और भारत के युवाओं की इसमें बड़ी भूमिका होगी.

रोजगार मेला अभियान की शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को हुई थी. सरकार के मुताबिक अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों में करीब 12 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं. फरवरी 2024 में आयोजित 12वें रोजगार मेले में सबसे ज्यादा 1 लाख नियुक्ति पत्र बांटे गए थे.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *