भारत से पाकिस्तान तक पहुंचा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ट्रेंड, सोशल मीडिया पर बना नया राजनीतिक व्यंग्य आंदोलन

भारत | भारत में शुरू हुआ “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) अब सोशल मीडिया पर एक बड़े ट्रेंड का रूप ले चुका है। बेरोजगारी, सिस्टम और राजनीति पर व्यंग्य के तौर पर शुरू हुआ यह ऑनलाइन अभियान अब पाकिस्तान तक पहुंच गया है। वहां “कॉकरोच अवामी पार्टी” (CAP) और “कॉकरोच अवामी लीग” (CAL) जैसे कई सोशल मीडिया पेज सामने आए हैं, जो खुद को युवाओं की नई आवाज बता रहे हैं।

पाकिस्तान के इन पेजों ने खुलकर स्वीकार किया है कि उन्हें भारत की “कॉकरोच जनता पार्टी” से प्रेरणा मिली है। कई अकाउंट्स के बायो में लिखा गया है कि “हां हमने कॉपी किया है, लेकिन मकसद वही है।” इन पेजों पर पाकिस्तान की पारंपरिक राजनीति और मुख्यधारा की पार्टियों पर तंज कसे जा रहे हैं।

दरअसल भारत में “कॉकरोच जनता पार्टी” की शुरुआत उस विवाद के बाद हुई, जब मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। दावा किया गया कि बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” और “पैरासाइट” से की गई। इसके बाद अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के पीआर ग्रेजुएट अभिजीत दिपके ने 16 मई को सोशल मीडिया पर यह अभियान शुरू किया।

कुछ ही दिनों में यह कैंपेन इंस्टाग्राम और दूसरे प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया। बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ने लगे और इसे सिस्टम से नाराज जेन-ज़ी की आवाज बताया जाने लगा।

अब पाकिस्तान में भी इसी तर्ज पर बने पेज वायरल हो रहे हैं। वहां के कंटेंट क्रिएटर्स “कॉकरोच अवामी पार्टी” और “कॉकरोच अवामी लीग” के नाम से वीडियो और मीम शेयर कर रहे हैं। कई पोस्ट्स में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) जैसी पार्टियों पर व्यंग्य किया गया है।

सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड अब केवल मीम या मजाक तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं की नाराजगी और राजनीतिक व्यंग्य के नए डिजिटल आंदोलन के रूप में देखा जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *