बेंगलुरु एयरपोर्ट पर एयर इंडिया फ्लाइट के साथ बड़ा हादसा टला

बेंगलुरु |  दिल्ली से बेंगलुरु जा रही **Air India** की फ्लाइट AI2651 लैंडिंग के दौरान बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरते समय विमान ‘टेल-स्ट्राइक’ का शिकार हो गया, जिसमें विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।

घटना के समय विमान में 179 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। हालांकि पायलट की सूझबूझ से लैंडिंग सुरक्षित रही और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब एयर इंडिया की फ्लाइट को आगे उड़ रहे दूसरे विमान से उत्पन्न ‘वेक टर्बुलेंस’ का सामना करना पड़ा। इसी दौरान विमान का संतुलन प्रभावित हुआ और उसका पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।

घटना के बाद विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। इसके चलते बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI2652 रद्द कर दी गई। एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है।

क्या होता है टेल-स्ट्राइक?

एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार ‘टेल-स्ट्राइक’ ऐसी स्थिति होती है, जब टेक-ऑफ, लैंडिंग या गो-अराउंड के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा जाता है। इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के मुताबिक, ऐसा तब होता है जब विमान एक विशेष कोण पर अधिक झुक जाता है। इससे विमान के नियंत्रण पर असर पड़ सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, घटना से पहले ‘क्वीन ऑफ द स्काई’ कहे जाने वाले एक Boeing 747 विमान ने उड़ान भरी थी। उसके इंजनों से उत्पन्न तेज हवा और टर्बुलेंस के कारण एयर इंडिया के पायलट को लैंडिंग में दिक्कत महसूस हुई। इसके बाद तय प्रक्रिया के तहत ‘गो-अराउंड’ किया गया, इसी दौरान टेल-स्ट्राइक की घटना हुई।

एयर इंडिया की ग्राउंड टीम बेंगलुरु एयरपोर्ट पर यात्रियों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *