मोदी की अपील के बाद एक्टिव हुए साइबर ठग, WhatsApp पर ‘लॉकडाउन’ मैसेज से रहें सावधान

नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की ओर से पेट्रोल-डीजल बचाने और वर्क फ्रॉम होम मॉडल अपनाने की अपील के बाद साइबर अपराधी सक्रिय हो गए हैं। WhatsApp पर लॉकडाउन और इमरजेंसी एडवाइजरी के नाम पर लोगों को फर्जी मैसेज भेजकर ठगी करने की कोशिश की जा रही है।

साइबर एक्सपर्ट्स ने लोगों को चेतावनी दी है कि अनजान नंबर से आने वाले “WAR LOCKDOWN NOTICE.pdf” या “Emergency Lockdown Order” जैसे मैसेज और फाइलों पर क्लिक न करें। ये फाइलें देखने में सरकारी आदेश जैसी लगती हैं, लेकिन इनका मकसद लोगों का मोबाइल और बैंकिंग डाटा चोरी करना होता है।

ऐसे काम करता है साइबर फ्रॉड

जानकारी के मुताबिक, ठग WhatsApp पर ऐसे मैसेज भेज रहे हैं जो किसी सरकारी नोटिस या लॉकडाउन आदेश की तरह दिखाई देते हैं। जैसे ही कोई यूजर इन फाइलों या लिंक पर क्लिक करता है, उसे संदिग्ध वेबसाइट पर रीडायरेक्ट कर दिया जाता है।

कई मामलों में लोगों को APK फाइल भी भेजी जा रही है। यदि यूजर गलती से इसे इंस्टॉल कर लेता है, तो साइबर अपराधियों को फोन का एक्सेस मिल सकता है। इसके जरिए बैंकिंग डिटेल्स, OTP और निजी जानकारी चुराई जा सकती है।

क्यों बढ़ा खतरा?

विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर ठगी का यह तरीका नया नहीं है, लेकिन इस बार इसे प्रधानमंत्री की अपील और लॉकडाउन जैसे संवेदनशील विषय से जोड़ दिया गया है। इसी वजह से लोग इसे असली सरकारी आदेश समझकर जल्दी भरोसा कर रहे हैं और ठगी का शिकार बन रहे हैं।

खुद को ऐसे रखें सुरक्षित

साइबर अपराधियों से बचने के लिए विशेषज्ञों ने लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है—

* अनजान नंबर से आए लिंक, PDF या फाइल को खोलने से बचें।
* किसी भी संदिग्ध मैसेज में अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
* मोबाइल की सेटिंग में जाकर “Unknown Sources” विकल्प बंद रखें, ताकि बाहरी APK फाइल इंस्टॉल न हो सके।
* सरकारी आदेश या लॉकडाउन से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय स्रोतों से ही लें।

साइबर सेल ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक या मैसेज की तुरंत शिकायत करने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *