नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 5 देशों की विदेश यात्रा से लौटने के बाद सीधे एक्शन मोड में नजर आएंगे। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में गुरुवार शाम 4 बजे नई दिल्ली स्थित ‘सेवा तीर्थ’ में मंत्रिपरिषद की अहम बैठक होने जा रही है। करीब एक साल बाद आयोजित हो रही इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री शामिल होंगे।
बैठक में मोदी सरकार 3.0 के दो साल पूरे होने पर सभी मंत्रियों को अपने-अपने मंत्रालयों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश करना होगा। माना जा रहा है कि सरकार विभिन्न मंत्रालयों की उपलब्धियों, फैसलों के असर और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें भी तेज हो गई हैं। अंदरूनी चर्चाओं में कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी कुछ मंत्रियों के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में जून के दूसरे सप्ताह में कैबिनेट विस्तार और फेरबदल संभव माना जा रहा है।
बैठक ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इसलिए ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, विमानन, जहाजरानी और लॉजिस्टिक्स जैसे अहम विभागों को लेकर प्रधानमंत्री विशेष दिशा-निर्देश दे सकते हैं। सरकार की प्राथमिकता आम जनता को राहत देने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी केंद्रित रह सकती है।
माना जा रहा है कि मंत्रिपरिषद की बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा होगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि योजनाओं को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी तरीके से कैसे लागू किया जाए।
गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद लगातार तीसरी बार बनी मोदी सरकार 3.0 ने 10 जून 2024 को शपथ ली थी। अब सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर होने वाली यह बैठक राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।