रायपुर के बाद दुर्ग-बिलासपुर में भी लागू हो सकती है कमिश्नर प्रणाली, डिप्टी CM विजय शर्मा के संकेत

रायपुर | छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर के बाद अब दुर्ग और बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि राज्य के बड़े शहरों में बेहतर कानून व्यवस्था और प्रशासनिक समन्वय के लिए कमिश्नरेट सिस्टम की जरूरत महसूस की जा रही है।

मीडिया से चर्चा के दौरान विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लंबे समय से पुलिस कमिश्नर प्रणाली की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि कई छोटे-छोटे मामलों में अलग-अलग विभागों के कारण अनावश्यक देरी होती थी, लेकिन कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने से निर्णय प्रक्रिया तेज और प्रभावी होती है।

डिप्टी सीएम ने कहा कि वर्तमान में रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू है और आवश्यकता के अनुसार इसका विस्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दुर्ग और बिलासपुर में भी इस व्यवस्था को शुरू करने का आग्रह करेंगे।

सरकार का मानना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और कानून व्यवस्था की चुनौतियों को देखते हुए बड़े शहरों में आधुनिक पुलिसिंग सिस्टम की जरूरत है। कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से पुलिस को कई प्रशासनिक और कार्यकारी अधिकार सीधे मिलते हैं, जिससे कार्रवाई में तेजी आती है।

यदि सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो रायपुर के बाद दुर्ग और बिलासपुर छत्तीसगढ़ के ऐसे शहर बन जाएंगे, जहां पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *