रोम | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे के दौरान भारत और इटली की दोस्ती का एक दिलचस्प और अनौपचारिक पल चर्चा का विषय बन गया। पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत की मशहूर टॉफी ‘Melody’ गिफ्ट की, जिसे पाकर मेलोनी बेहद खुश नजर आईं।
इटली की प्रधानमंत्री ने खुद इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी से यह स्पेशल गिफ्ट मिलने के बाद मेलोनी मुस्कुराती और उत्साहित दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर इस मुलाकात को लेकर #Melodi तेजी से ट्रेंड करने लगा।
दरअसल, ‘Melodi’ शब्द पिछले कुछ समय से पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ताना बॉन्डिंग को लेकर सोशल मीडिया पर लोकप्रिय रहा है। ऐसे में पीएम मोदी द्वारा ‘Melody’ टॉफी गिफ्ट करना लोगों को काफी दिलचस्प लगा।
इटली यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने रोम में मेलोनी के साथ डिनर किया। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार में ऐतिहासिक **कोलोसियम** पहुंचे, जहां उन्होंने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी और शानदार केमिस्ट्री देखने को मिली।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि रोम पहुंचने के बाद उन्हें प्रधानमंत्री मेलोनी से डिनर पर मिलने का अवसर मिला और दोनों ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि औपचारिक बातचीत में भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर फोकस रहेगा।
वहीं जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “Welcome to Rome, my friend.”
बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी। भारत और इटली के बीच India-Middle East-Europe Economic Corridor (IMEC) और जॉइंट स्ट्रेटेजिक एक्शन प्लान 2025-2029 की समीक्षा भी बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल है।
इटली पहुंचने पर एयरपोर्ट पर देश के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी यह यात्रा भारत-इटली सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।