SVC63 | सलमान खान की अपकमिंग फिल्म SVC63 को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। मुंबई शेड्यूल पूरा होने के बाद अब फिल्म की टीम अगले बड़े शूट के लिए मनाली रवाना होने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के सबसे इमोशनल और कहानी को आगे बढ़ाने वाले अहम सीन्स मनाली में शूट किए जाएंगे। यही वह हिस्सा होगा, जहां से सलमान खान के किरदार के ‘ब्रूटल रिवेंज’ की शुरुआत होगी।
बताया जा रहा है कि मेकर्स मनाली में एक खास घर का सेट तैयार कर रहे हैं, जहां मई के आखिर से जून तक लगातार शूटिंग चलेगी। फिल्म में हाई-वोल्टेज ड्रामा और इंटेंस इमोशनल मोमेंट्स देखने को मिलेंगे, जो कहानी की रीढ़ माने जा रहे हैं।
सलमान खान के होंगे 5 अलग-अलग लुक
सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि मनाली के बाद फिल्म की शूटिंग हैदराबाद और केरल में भी की जाएगी। हर लोकेशन पर सलमान खान अलग अंदाज और नए लुक में नजर आएंगे। मेकर्स ने उनके लिए कुल पांच अलग-अलग लुक फाइनल किए हैं, जिन्हें मशहूर मेकअप आर्टिस्ट प्रीतिशील सिंह डिजाइन कर रही हैं।
हैदराबाद शेड्यूल को फिल्म का सबसे बड़ा एक्शन ब्लॉक बताया जा रहा है। यहां सलमान खान के कई खतरनाक फाइट सीक्वेंस शूट होंगे। खबर है कि फिल्म के एक्शन सीन ‘Animal’ के एक्शन कोरियोग्राफर सुप्रीम सुंदर डिजाइन कर रहे हैं। मेकर्स इस बार पारंपरिक गन फाइट से हटकर देसी और रॉ कॉम्बैट स्टाइल दिखाने वाले हैं।
फिल्म में दिखेगा सलमान का सबसे बेरहम अवतार
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में सलमान खान अब तक के सबसे हिंसक और गुस्सैल किरदार में नजर आ सकते हैं। एक्शन सीन्स के लिए खास हथियार डिजाइन किए जा रहे हैं और पूरी फिल्म में उनका किरदार बेहद इंटेंस दिखेगा।
विलेन के रोल को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। कहा जा रहा है कि अक्षय खन्ना फिल्म में मुख्य खलनायक की भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।