सुशासन तिहार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कराया गृह प्रवेश, पीएम आवास से बदली धरम सिंह के परिवार की जिंदगी

**सुशासन तिहार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कराया गृह प्रवेश, पीएम आवास से बदली धरम सिंह के परिवार की जिंदगी**

रायपुर।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय  ने सुशासन तिहार के तहत कोरबा जिले के लेमरू पहुंचकर प्रधान मंत्री आवास योजना  (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित आवास का उद्घाटन और गृह प्रवेश कराया। वर्षों तक कच्चे मकान में जीवन बिताने वाले परिवार के लिए यह पल किसी उत्सव से कम नहीं रहा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरम सिंह के परिवार से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आवास का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और नई उम्मीद लेकर आई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बच्चों को अच्छी शिक्षा हासिल कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापना के लिए डीएमएफ मद से हितग्राही अंशदान की 60 हजार रुपये की राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को केवल आवास ही नहीं, बल्कि बेहतर जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के आगमन से धरम सिंह का परिवार भावुक नजर आया। परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिले लाभ के लिए मुख्यमंत्री और सरकार का आभार जताया।

गांव में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने कहा कि अब शासन की योजनाओं का लाभ वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है और लोगों का सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है।

इस दौरान उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन , वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *