बारदाना में छोटे किसानों को मिलेगी छूट

मैनपुर। गुरुवार को मैनपुर पहुंचे कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने नवमुड़ा स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान बारदाना की कमी को लेकर कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त किया कि एक सप्ताह बाद डिओ/आरो कटने व मिलर व एचडीपी बारदाना आने के बाद किसानों को बारदाना की समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने समिति संचालकों व प्रभारी को छोटे किसानों को बारदाना में छूट प्रदान करने की बात कही है।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि धान विक्रय करने पहुंचने वाले किसानों को कोई परेशानी न हो, शासन के निर्देशानुसार पूरी पारदर्शिता के साथ धान की खरीदी की जाए। उन्होंने पूरे धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया और मैनपुर, जिडार धान उपार्जन केंद्र में पहुंचकर बारदाना, खरीदी व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष खेदू नेगी ने कलेक्टर क्षीरसागर को बताया कि इस धान खरीदी केंद्र के अंतर्गत लगभग 1700 किसान धान विक्रय करते हैं। कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने निर्देश देते हुए कहा धान बेचने आने वाले किसानों को परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जाए। इस दौरान एसडीएम सूरज साहू, मुख्यकार्यपालन अधिकारी रूपकुमार ध्रुुव, नायब तहसीलदार ख्याति कवंर, कृषि अधिकारी भावेश शांडिल्य, आजा सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष खेदूराम नेगी, दिनेश कमलेश, निर्भय ठाकुर, महेश कुमार, लीलाधर नागेश, कृष्णा पटेल, सुधीर राजपूत, सोतन सेन, पवन साहू, चिंता कश्यप, पटवारी गुलशन मौजूद थे।
भाजपा ने बनाई सोसाइटी में निगरानी समिति, दो-दो कार्यकर्ता रखेंगे नजर
बलौदाबाजार। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक त्रिलोक देवांगन ने भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शशिकांत द्विवेदी और पूर्व विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सनम जांगड़े सहित क्षेत्र के भाजपा नेताओं व पदाधिकारियों की सहमति से जिले के समस्त धान खरीदी केंद्रों व सोसाइटियों में संबंधित क्षेत्र के भाजपा के दो-दो कार्यकर्ताओं को निगरानी के लिए नियुक्त किया है। जिनका कार्य केंद्रों में किसानों के साथ किसी भी तरह की गड़बड़ी न की जाए इसकी उचित देखरेख व उनकी सहायता करना है। पूर्व विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सनम जांगड़े ने कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिया है कि किसी भी किसान के साथ कोई भी समस्या केंद्रों में उत्पन्ना होती है तो उसके न्यायोचित निराकरण का प्रयास किया जाए और तत्काल उसकी जानकारी भाजपा पदाधिकारियों को दी जाए। हम हर किसान के साथ व उनके हितों की रक्षा के लिए उनके कंधे से कंधे मिलाकर सदैव खड़े हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश के अन्नादाताओं को जो समस्या आ रही है उसका करारा जवाब देने भाजपा सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *