केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, विजय शर्मा ने संभाली कमान

रायपुर। विजय शर्मा ने केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप निजी वाहन के बजाय सांसद बस्तर महेश कश्यप जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बस से सफर किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा जगदलपुर विकासखंड के नेतानार स्थित शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यक्रम स्थल और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेवा डेरा परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र और महिला स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके कार्यों की जानकारी ली और स्वरोजगार तथा आजीविका बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सेवा सेतु केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने शहीद गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन तथा आवश्यक सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के महान जननायक शहीद गुंडाधुर की स्मृति से जुड़ा यह स्थल गौरव का प्रतीक है, इसलिए यहां सभी व्यवस्थाएं बेहतर और सुव्यवस्थित होनी चाहिए।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *