सूरजपुर: गायत्री परियोजना प्रभावितों को बड़ी राहत, जोबगा में 95 रोजगार सुनिश्चित

सूरजपुर  | जिले के केतका स्थित गायत्री भूमिगत परियोजना के लिए आयोजित जिला पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना समिति की बैठक में परियोजना से प्रभावित भूमिस्वामियों और आश्रितों के पुनर्वास और रोजगार संबंधी मुद्दों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में ग्राम जोबगा की अधिग्रहित निजी भूमि से संबंधित प्रभावित परिवारों को कोल इंडिया पुनर्वास नीति 2012 के तहत रोजगार देने के विकल्पों पर चर्चा की गई। समिति ने घटते क्रम में वरीयता सूची के विकल्प पर सहमति व्यक्त की। इसके आधार पर प्रभावित व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराने की आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि गायत्री परियोजना के अंतर्गत कुल 288.209 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की गई है, जिसमें 220.784 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इस परियोजना से ग्राम जोबगा, गेतरा और पोड़ी प्रभावित हैं।

विशेष रूप से ग्राम जोबगा में 77.69 हेक्टेयर (191.976 एकड़) भूमि अधिग्रहित की गई, जिसमें 168 खातेदार थे। निजी भूमि के लिए कुल 20.17 करोड़ रुपए मुआवजा निर्धारित किया गया, जिसमें से 42 खातेदारों को 7.09 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है, जबकि शेष 126 खातेदारों को 13.08 करोड़ रुपए का भुगतान होना बाकी है।

कुल 95 रोजगार कोल इंडिया पुनर्वास नीति 2012 के तहत प्रभावित परिवारों को दिए जाएंगे। समिति ने प्रभावितों को नियमों के अनुसार लाभ दिलाने और पुनर्वास प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *