नई दिल्ली | पश्चिम एशिया में तनाव और वैश्विक ईंधन संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को साफ किया कि सरकार ने विदेश यात्रा पर किसी भी प्रकार की पाबंदी या टैक्स नहीं लगाया है।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “यह पूरी तरह गलत है। इसमें जरा भी सच्चाई नहीं है। विदेश यात्रा पर किसी प्रकार की रोक लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है।” उन्होंने यह भी बताया कि सरकार लोगों के लिए ‘इज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और ‘इज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
क्या था दावा? :
एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि सरकार विदेशी यात्रा पर नया टैक्स या सरचार्ज लगाने पर विचार कर रही है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि यह प्रस्ताव उच्च स्तर पर चर्चा में है और इसका उद्देश्य युद्ध संबंधी वित्तीय दबाव को संतुलित करना हो सकता है। हालांकि इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
मीडिया संस्थान ने रिपोर्ट ली वापस :
प्रधानमंत्री मोदी के स्पष्ट बयान के बाद CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट वापस ली और खेद जताया। चैनल ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सरकार द्वारा विदेश यात्रा पर टैक्स/सैस लगाने पर विचार किए जाने संबंधी हमारी खबर सटीक नहीं थी। हम इस खबर को वापस लेते हैं और इस गलती के लिए खेद प्रकट करते हैं।”
विशेषज्ञों का कहना है कि पीएम मोदी की यह टिप्पणी विदेश यात्रा पर संभावित टैक्स या प्रतिबंधों को लेकर फैल रही अटकलों को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।