छत्तीसगढ़ | मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सुशासन की संकल्पना को मूर्त रूप देने के लिए मरवाही जनपद के ग्राम पंचायत उषाड़ में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें सीधे प्रशासन के सामने रखीं।
तत्काल राहत और स्वीकृतियां
- ग्राम कटरा (तुरिझिरिया मोहल्ला) और बरौर (पुराना बाजार) में पेयजल संकट को देखते हुए नवीन हैंडपंप स्वीकृत किए गए।
- ग्राम कुम्हारी में अतिरिक्त राशन दुकान खोलने की मंजूरी दी गई।
राजस्व अमले को कड़ी चेतावनी
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने राजस्व मामलों में देरी पर सख्त रुख अपनाया। एसडीएम, तहसीलदार और पटवारियों के सामने कहा कि अविवादित सीमांकन, बंटवारा और नामांतरण के सभी प्रकरण एक सप्ताह के भीतर निराकृत किए जाएं। यदि जनता को भटकना पड़े, तो जिम्मेदार अधिकारी स्थानांतरण के लिए तैयार रहें।
योजनाओं का लाभ एक ही छत के नीचे
- शिविर में कुल 711 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 116 का तत्काल निराकरण किया गया।
- कृषि एवं पशुपालन विभाग को मिनी ट्रैक्टर, रोपा मशीन, उन्नत नस्ल के बकरे देने के निर्देश।
- धरती आबा योजना, प्रधानमंत्री आवास, पेंशन और जॉब कार्ड से संबंधित लंबित प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश।
सामाजिक सरोकार और वितरण
- तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न।
- किसानों को किसान किताब, मछली जाल, ड्राइविंग लाइसेंस, मितानिन किट और आयुष्मान कार्ड वितरित।
जनगणना 2027 के लिए आह्वान
कलेक्टर ने ग्रामीणों से भारत की जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण में सहयोग की अपील की। शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे, एएसपी श्री अविनाश मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।