रायपुर| स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर राज्य की नर्सों के सम्मान में नर्सिंग संवर्ग के पदनाम में बड़ा बदलाव करने की घोषणा की। अब “स्टाफ नर्स” का नाम “नर्सिंग ऑफिसर” और “नर्सिंग सिस्टर” का नाम “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर” रखा जाएगा।
डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने नर्सिंग अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और अस्पताल के अन्य कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नर्सों की सेवा और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और मरीजों की देखभाल में उनका योगदान मां जैसी संवेदनशीलता और सेवा भाव का उदाहरण है।
स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी, जिसमें डॉ. रीना राजपूत, नीलिमा शर्मा, रंजना सिंह ठाकुर, सुमन देवांगन, कोमेश्वरी नवरंगे, प्रगति सतपुते, शीतल सोनी और नमिता डेनियल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
यह कदम नर्सिंग पेशे के प्रति सम्मान और उनकी भूमिका को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।