रायपुर | कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने आज प्रदेश के वित्तमंत्री श्री ओ.पी. चौधरी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान विश्वविद्यालय के विकास, शैक्षणिक गतिविधियों और छात्रों के हितों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
वित्तमंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने विश्वविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए हर संभव वित्तीय और शासकीय सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय की भविष्य की आत्मनिर्भरता को देखते हुए स्व-वित्त पोषित और स्व-संचालित प्रणाली अपनाने का सुझाव भी दिया।
कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि मीडिया सहित अन्य सभी पाठ्यक्रमों का शिक्षण एवं छात्रावास शुल्क न्यूनतम रखा गया है, जिससे बस्तर से लेकर सरगुजा तक के सुदूर अंचलों के अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग सहित सभी समुदायों के विद्यार्थी आसानी से अध्ययन कर पा रहे हैं।
यह पहल छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितकारी नीतियों के अनुरूप छात्रों को आर्थिक बोझ से मुक्त रखते हुए उच्च शिक्षा के अवसर प्रदान करने में सहायक साबित हो रही है।