रायपुर| भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान 13 और 14 मई 2026 को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे ग्रामीण विकास मंत्रालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और ग्रामीण विकास से जुड़े जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं हितग्राहियों से संवाद करेंगे।
श्री पासवान 13 मई को राज्य स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे। बैठक में निम्नलिखित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा:
- प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY)
- महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा)
- प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण
- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM)
- दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY)
- राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP)
इसके अलावा, वे वीबी-जी राम जी से संबंधित तैयारियों और ग्राम पंचायतों में संचालित ग्रामीण विकास गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त करेंगे।
अपने प्रवास के दौरान श्री पासवान पंचायत प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन करेंगे, जिसमें ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
14 मई को केंद्रीय राज्य मंत्री ग्रामीण विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और नवाचारों का अवलोकन करेंगे और लाभार्थियों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से मिलकर उनके अनुभव और सुझाव भी जानेंगे।
यह प्रवास छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने और हितग्राहियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सीधे समझने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।