रायपुर |छत्तीसगढ़ के चिरमिरी एस.ई.सी.एल. क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए एक लंबे समय से अधूरा सपना अब साकार होने जा रहा है। 75 साल की इंतजार की दास्तान अब खत्म होने वाली है, क्योंकि अब नगर के सभी वार्डों में सरकारी बिजली पहुँचाने की तैयारी पूरी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 09 दिसंबर 2024 को चिरमिरी में अपनी शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत CSPDCL से बिजली आपूर्ति की घोषणा की थी। यह घोषणा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि दशकों से बिजली की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए राहत का संदेश थी।
राज्य शासन ने 30 मार्च 2026 को इस योजना के लिए ₹53.08 करोड़ की राशि चिरमिरी नगर निगम को आवंटित की, जिससे पुराने बजट की शेष राशि मिलाकर कुल ₹53.57 करोड़ से अधोसंरचना विकास कार्य वर्ष 2026-27 में प्रारंभ होगा।
क्षेत्र के स्थानीय विधायक और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“यह सिर्फ बिजली नहीं, यह चिरमिरी के लोगों को उनका हक मिलना है। आज़ादी के बाद से जो सपना अधूरा था, मुख्यमंत्री जी की दूरदृष्टि और संवेदनशीलता से पूरा हो रहा है।”
इस परियोजना से चिरमिरी के डोमनहिल, गेल्हापानी, कोरिया कॉलरी और पोड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्र भी अब सरकारी बिजली से रोशन होंगे। यह छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक सुनहरा अध्याय है और चिरमिरी के लोगों की उम्मीदों को नई रोशनी देगा।