कोलकाता | भवानीपुर सीट से पूर्व सीएम ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आजादी के बाद राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बन रही है।
राज्यपाल आर.एन. रवि शुभेंदु अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उनके साथ दिलीप घोष, निशिथ प्रमाणिक, अग्निमित्रा पॉल, रूद्रा घोष, दीपक वर्मन, रत्ना देबनाथ और पूर्णिमा चक्रवर्ती भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। बीजेपी ने साफ किया है कि राज्य में कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पेट्रोलियम मंत्री सुरेश गोपी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सांसद हर्षवर्धन सिंगला भी कोलकाता पहुंच चुके हैं। प्रोटोकॉल के तहत ममता बनर्जी को भी न्योता भेजा गया है।
8 मई को अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मिलकर 207 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा। बीजेपी ने बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीती थीं, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई।
"अब बंगाल में मैं नहीं, हम सब मिलकर सरकार चलाएंगे" , शुभेंदु अधिकारी ने शपथ से पहले कहा।
BJP राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक परिवर्तन है। महत्वपूर्ण बात यह है कि शपथ ग्रहण 25 बैसाख, रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन हो रहा है।"
शपथ ग्रहण को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। ब्रिगेड परेड मैदान के आसपास मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक है। एस्प्लेनेड रैंप, खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, कैसुअरीना एवेन्यू और क्वींस वे पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।