चारामा। ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत के साथ ही नगर में बिजली व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। बार-बार बिजली बंद होने और लो-वोल्टेज की समस्या से आम नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर दुकानदारों तक सभी इस समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन-रात में कई बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे न सिर्फ दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि व्यापार पर भी असर पड़ रहा है।
वहीं, लो-वोल्टेज की समस्या के कारण महंगे विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। नगर के नागरिकों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी साफ देखी जा रही है । लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
सिर्फ नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की आंख-मिचौली जारी है । किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी इससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। अब देखना होगा कि विभाग इस विकराल समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और उपभोक्ताओं को कब तक राहत मिल पाती है