रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा के भाठागांव क्षेत्र में संचालित देशी-विदेशी शराब दुकानों और अहातों के खिलाफ आज जन-आक्रोश फूट पड़ा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों क्षेत्रीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शराब दुकान का घेराव किया। प्रदर्शन का अनोखा पहलू यह रहा कि प्रदर्शनकारियों ने शराब खरीदने आए लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर गांधीवादी तरीके से शराब न खरीदने और नशा छोड़ने का विनम्र निवेदन किया।
घेराव का नेतृत्व कर रहे कन्हैया अग्रवाल ने प्रदेश सरकार और आबकारी विभाग को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाठागांव बस्ती में स्वामी आत्मानंद स्कूल और वालफोर्ट सिटी जैसे रिहायशी इलाकों के पास शराब दुकानें खोलकर जनता की सुरक्षा को ताक पर रख दिया गया है।
उन्होंने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा “सोनकर पारा, आनंद नगर, ब्रह्मदेव कॉलोनी और BSUP जैसे क्षेत्रों की महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। रिंग रोड और सर्विस रोड पर शाम होते ही शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे छेड़छाड़ ,ट्रैफिक जाम, लूट , सड़क दुर्घटना और चाकूबाजी जैसी आपराधिक घटनाएं आम हो गई हैं। नीति और नीयत में विरोधाभास साफ नजर आ रहा है।”
प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट किया कि यदि नेशनल हाईवे के नियमों और जनभावनाओं के अनुरूप इन दुकानों को तत्काल स्थानांतरित नहीं किया गया, तो क्षेत्र के नागरिकों के साथ मिलकर आने वाले समय में चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा।