कालेज के विघार्थियों को “एआई यूथ स्किल” प्रोग्राम के संबंध में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन जशपुर द्वारा शासकीय राम भजन राय एनईएस महाविद्यालय के सभागार में ऑनलाइन “एआई यूथ स्किल प्रोग्राम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की तकनीकी जानकारी, उपयोगिता एवं विभिन्न क्षेत्रों में इसके बढ़ते प्रयोग से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम में 1Million 1Billion संस्था के विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सत्र के दौरान पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से एआई के शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, चिकित्सा, विज्ञान एवं परिवहन जैसे विविध क्षेत्रों में उपयोग को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया गया। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने प्रश्न भी रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में एआई एक महत्वपूर्ण तकनीक के रूप में उभर रही है, जो दैनिक जीवन के विभिन्न कार्यों को सरल बना रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाकर स्वयं को कौशलयुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में टीआरआई से सुश्री दिव्या प्रियदर्शनी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *