बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोरभट्ठीकला में डेयरी फार्म से जर्सी नस्ल की एक गाय चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में डेयरी फार्म का ताला तोड़कर और बाउंड्री की जाली काटकर गाय को ले गए। पीड़ित रामदयाल यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में डेयरी फार्म संचालित करता है, जहां करीब 25 जर्सी नस्ल की गायें हैं। गायों की देखभाल के लिए उसने शिवकुमार सिदार नाम का एक वर्कर रखा है, जो डेयरी परिसर में ही रहता है।
19 मार्च की रात वर्कर ने सभी गायों को चारा-पानी देने के बाद रोज की तरह सो गया। अगली सुबह 20 मार्च को करीब 4 बजे जब वह उठा तो देखा कि एक गाय गायब है। जांच करने पर डेयरी का ताला टूटा हुआ मिला और बाउंड्री की जाली व सीमेंट के खंभे भी क्षतिग्रस्त थे।
इसके बाद वर्कर ने तुरंत इसकी जानकारी मालिक रामदयाल यादव को दी। सूचना मिलने के बाद रामदयाल यादव 21 मार्च को डेयरी फार्म पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। वहां एक गाय गायब मिली और ताला व जाली पूरी तरह टूटी हुई थी। पीड़ित ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।