शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। भले ही 28 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन बादल गुरुवार से बरसना शुरू हो जाएंगे। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पूरे प्रदेश में हल्की बारिश के साथ ठंडी हवा चलने के आसार हैं। 27 मार्च को भी बारिश-बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के 28 मार्च की रात से सक्रिय होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ स्थानों पर 28 और 31 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। राज्य के कई स्थानों पर 29 और 30 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होगी।
26, 28 व 29 मार्च को कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का यलो अलर्ट है। राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन-चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार हैं।
न्यूनतम तापमान
शिमला 8.2, सुंदरनगर 9.6, कल्पा 2.6, धर्मशाला 6.2, ऊना 12.5, नाहन 11.0, पालमपुर 10.0, सोलन 8.2, मनाली 3.9, कांगड़ा 12.4, बिलासपुर 12.5, कुफरी 5.1 डिग्री सेल्सियस
अधिकतम तापमान
शिमला 19.4, सुंदरनगर 26.5, भुंतर 27.0, धर्मशाला 23.0, ऊना 29.0, नाहन 27.3,कांगड़ा 28,मनाली 20.2,जुब्बड़हट्टी 22.6,बरठीं 27.2, कसौली 21.7 डिग्री सेल्सियस
13 फीसदी कम बरसे बादल
मौसम विभाग के विशेषज्ञ संदीप कुमार का कहना है कि हिमाचल प्रदेश में मार्च में अभी तक सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। पहली से 25 मार्च तक की अवधि के लिए 97.6 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया, लेकिन वास्तव में 84.8 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। चंबा जिला में सामान्य से 33, कांगड़ा 19, किन्नौर 26 व लाहुल-स्पीति में 36 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। जबकि बिलासपुर में सामान्य से 36, हमीरपुर 25, कुल्लू 26, मंडी 52, शिमला 17, सिरमौर 17, सोलन 44 व ऊना में 45 फीसदी अधिक बारिश हुई।