वीवर सर्विसेज़ ने सेंट्रम हाउसिंग फाइनेंस में बड़ी हिस्सेदारी हासिल की

इसका लक्ष्य पूरे भारत के उन परिवारों के लिए होम लोन को सुलभ बनाना है, जो अपना घर खरीदना चाहते हैं

मुंबई, वीवर सर्विसेज़ प्राइवेट लिमिटेड ने सेंट्रम कैपिटल लिमिटेड से सेंट्रम हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (CHFL) में 75.01% की नियंत्रक हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इस तरह कंपनी ने पूरे भारत में होम लोन की सुविधाओं से वंचित सभी परिवारों के लिए अपना घर खरीदना आसान बनाने के संकल्प को और मज़बूत किया है। इस सौदे को सभी जरूरी विनियामक निकायों और शेयरधारकों से मंजूरी मिल चुकी है।
अपना खुद का घर होना, आज भी पूरे भारत में परिवारों के लिए सबसे बड़े सपनों में से एक बना हुआ है। हालाँकि ज्यादातर लोगों के लिए, खास तौर पर छोटे शहरों में रहने वालों और अपना रोज़गार करने वालों के लिए औपचारिक तरीके से होम लोन मिलना आज भी काफी मुश्किल है। जरूरी दस्तावेजों की कमी, अनियमित आमदनी और उनकी ज़रूरतों के हिसाब से तैयार किए गए वित्तीय उत्पादों के नहीं होने की वजह से अक्सर उन्हें पारंपरिक संस्थानों से लोन नहीं मिल पाता है।
वीवर सर्विसेज़ ने इस अधिग्रहण के जरिए, बेहद सरल, भरोसेमंद और सबको साथ लेकर चलने वाले होम लोन के विकल्पों को सबके लिए सुलभ बनाकर इस कमी को दूर करने का लक्ष्य रखा है।
CHFL को पीपुल होम फाइनेंस के साथ जोड़कर कंपनी एक मज़बूत प्लेटफ़ॉर्म तैयार कर रही है, जिसके पास लगभग 140 शाखाओं का एक बड़ा नेटवर्क है और प्रबंधनाधीन संपत्ति (AUM) भी ₹2,000 करोड़ से ज्यादा है। अपनी मौजूदगी के विस्तार के बाद कंपनी को टियर II और टियर III श्रेणी के बाजारों में और गहराई से पैठ बनाने में मदद मिलेगी, जिससे होम लोन की सुविधाएँ सीधे उन लोगों तक पहुँच सकेंगी जिन्हें इनकी सबसे ज्यादा ज़रूरत है।
मौजूदा प्रगति पर अपनी राय जाहिर करते हुए, वीवर सर्विसेज़ के प्रमोटर एवं एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन, सत्राजित भट्टाचार्य ने कहा, “देश में लाखों परिवार ऐसे हैं, जिनके लिए अपना घर होना उनकी ज़िंदगी का सपना होता है। हम चाहते हैं कि हाउसिंग फ़ाइनेंस को सुलभ बनाकर इस सपने को पूरा करने में ऐसे लोगों की मदद की जाए, जिन्हें अक्सर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है। इस कदम से हमें ऐसे ग्राहकों से जुड़ने और उनके सपनों को हकीकत में बदलने की हमारी क्षमता को और मज़बूती मिलेगी।”
वीवर सर्विसेज़ होम लोन की प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर देती रहेगी। इसके लिए कंपनी जमीनी स्तर पर अपनी मौजूदगी और आधुनिक तकनीक, दोनों का इस्तेमाल करेगी ताकि पहली बार घर खरीदने वालों और अपना रोज़गार करने वाले लोगों की ज़रूरतों को और भी बेहतर तरीके से समझा जा सके।
वीवर सर्विसेज़ की स्थापना HDFC के पूर्व एग्जीक्यूटिव, सत्राजित भट्टाचार्य ने की है, और यह कंपनी हाउसिंग फाइनेंस का एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है, जो सुलभ, भरोसेमंद और ग्राहकों के साथ लंबे समय तक कायम रहने वाले रिश्तों पर आधारित है।

वीवर सर्विसेज़ प्राइवेट लिमिटेड का परिचय

वीवर सर्विसेज़ प्राइवेट लिमिटेड ने पूरे भारत में, खास तौर पर देश के उभरते बाज़ारों में उन लोगों के लिए होम लोन को सुलभ बनाने पर विशेष ध्यान दिया है, जिन्हें आसानी से लोन नहीं मिल पाता। कंपनी ने टेक्नोलॉजी को अपनी शाखाओं के मज़बूत नेटवर्क के साथ जोड़कर हाउसिंग फ़ाइनेंस को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक और आसानी से पहुँचाने का लक्ष्य रखा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *