अधीक्षिका ने बीमार छात्रा का ध्यान नहीं रखा, सस्पेंड

सुकमा। जिले के कोंटा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में कर्तव्य में लापरवाही सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर अमित कुमार ने अधीक्षिका माहेश्वरी निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दरअसल, 17 मार्च को कक्षा 10वीं की एक छात्रा के स्वास्थ्य को लेकर सूचना मिलने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया गया था। 20 मार्च को प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में अधीक्षिका के दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही की पुष्टि हुई।

रिपोर्ट में विद्यालय के संचालन और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामियां पाई गईं। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए अधीक्षिका को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोंटा निर्धारित किया गया है। फिलहाल विद्यालय का प्रभार सहायक अधीक्षिका को सौंपा गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा और अनुशासन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *