बुजुर्ग की हत्या की कोशिश, हमले में एक आंख से दिखना बंद

कोरबा। जिले के चैतमा चौकी अंतर्गत ग्राम बर्रा में मंगलवार देर रात एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला किया गया। अज्ञात हमलावरों ने बुजुर्ग की एक आंख निकाल ली और मौके से फरार हो गए। बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। हमलावरों ने 80 वर्षीय हीरा सिंह सरुता को निशाना बनाया।

उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे की है, जब ग्राम बर्रा निवासी हीरा सिंह सरुता अपने घर में सो रहा था। हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में ‘बच्चा चोर गिरोह’ के सक्रिय होने की अफवाहें फैल गई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों में डर का माहौल है और वे रात में पहरा देने को मजबूर हैं। चैतमा चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी लेकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *