बिलासपुर। बिलासपुर में रविवार रात हथियारों से लैस प्रोफेशनल चोर गिरोह ने नकाब और ग्लव्स पहनकर सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ किया। चोरी की वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई, जिसमें गिरोह के सदस्य पहचान छिपाते हुए बेहद शातिर तरीके से चोरी करते नजर आए। करीब 4 लाख रुपए के जेवर चोरी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, लगातार बढ़ रही चोरी की वारदाताओं के बाद SSP रजनेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाए। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
मोपका क्षेत्र के चिल्हाटी मोड़ स्थित विवेकानंद रेसिडेंसी निवासी घनश्याम कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई इंजीनियर नितेश रंजन उसी कॉलोनी में रहते हैं। पिछले 8 दिनों से नितेश रंजन अपने मकान में ताला लगाकर बिहार के औरंगाबाद गए हुए हैं। 15 मार्च को कॉलोनी के लोगों ने उन्हें सूचना दी कि नितेश रंजन के घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलने पर वे उनके घर पहुंचे, जहां देखा कि दरवाजा काटकर सेंट्रल लॉक तोड़ा गया है और चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। इसके बाद उन्होंने मोबाइल फोन के जरिए घटना की जानकारी दी।