बिलासपुर। एक लावारिस गाड़ी से पुलिस ने 40 किलो गांजा बरामद किया है। मेला ग्राउंड पर एक गाड़ी पिछले दो दिन से लावारिस हालत में खड़ी थी। इसमें चैंबर बनाकर गांजा को छिपाकर रखा गया था। लोगों को दुर्गंध आई, तब इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि, रविवार को सकरी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भरनी के मेला ग्राउंड में पेंडारी मोड़ के पास एक वाहन पिछले दो दिनों से लावारिस हालत में खड़ी है। जिसमें से मादक पदार्थ गांजा की दुर्गंध भी आ रही है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की जांच शुरू की।
जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 29 A 3487 (टाटा Ace) से गांजा जैसी तेज गंध आने पर लगी, तब पुलिस ने बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान पता चला कि वाहन के नीचे विशेष रूप से चैंबर बनाकर उसमें गांजा छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन से करीब 40 किलो गांजा बरामद कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस तस्करों की तलाश में जुट गई है। सीएसपी निमितेश सिंह के अनुसार पुलिस ने करीब 25 लाख 20 हजार रुपए का माल बरामद किया है।