बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अरपा नदी सहित अन्य नदियों से अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। लेकिन, इसके बाद भी शहर व आसपास के इलाकों में अवैध रेत उत्खनन पर लगाम नहीं लग रहा है। कलेक्टर के निर्देश के बावजूद खनिज विभाग के अफसर केवल दिखावे की कार्रवाई कर रहे हैं। यही वजह है कि पिछले तीन दिनों में केवल 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं। वहीं, पुलिस भी अवैध परिवहन को लेकर सुस्त है। दरअसल, दैनिक भास्कर ने ड्रोन कैमरे से अवैध खनन का वीडियो बनाया, जिसमें नदी के बीच एक साथ दर्जनों ट्रैक्टर रेत निकालते नजर आए।
तब प्रशासन ने दावा किया था कि खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय है। लेकिन, इसके बाद भी खनिज विभाग के अफसर हरकत में नहीं आए। इसके चलते अवैध रेत उत्खनन का बेखौफ चलता रहा। कलेक्ट्रेट में हर सप्ताह होने वाले जनदर्शन में लगातार लोग अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। बेलतरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने अवैध मुरुम उत्खनन की शिकायत की थी। वहीं, रेत माफियाओं के सक्रिय होने की भी शिकायत की गई, जिस पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। लेकिन, अवैध उत्खनन और परिवहन बंद नहीं हुआ।