बलरामपुर में ट्रक ड्राइवर जिंदा जला, वाहन खाक

बलरामपुर। जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर क्लिंकर से लदे ट्रक और चावल से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्लिंकर लोड ट्रक में अचानक आग लग गई और ट्रक चालक आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार दोनों ट्रक तेज रफ्तार में विपरीत दिशा से आ रहे थे। महुली के पास पहुंचते ही किसी कारणवश दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद क्लिंकर लोड ट्रक में आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और वह ट्रक के अंदर ही फंस गया। कुछ ही देर में ट्रक धू-धू कर जलने लगा और चालक की मौत हो गई।

हादसे में चावल से लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल बाहर निकाला गया और उपचार के लिए वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं त्रिकुंडा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस द्वारा मृतक चालक के शव को बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब काफी देर तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों तरफ भारी जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस द्वारा यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को धीरे-धीरे सुचारू कराया गया। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *