जैजैपुर। विधायक बालेश्वर साहू ने अपने जन्म दिवस के अवसर पर मानव सेवा का संदेश देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर में मरीजों के बीच फल वितरण किया। विधायक के इस पहल से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक बालेश्वर साहू ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि जन्म दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाना सबसे बड़ी खुशी देता है। समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना हम सभी का कर्तव्य है।
इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए और स्वास्थ्य कर्मचारियों से अस्पताल की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली गई। विधायक ने मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर उमाशंकर साहू , विधायक प्रतिनिधि उमाशंकर चन्द्रा,विजय चंद्रा ,नरेश कर्ष, पिंटू चौहान,कांग्रेस प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। विधायक के इस मानवीय कार्य की लोगों ने सराहना की और उन्हें जन्म दिवस की शुभकामनाएं दीं।