सावधान! आपकी बाइक में भी हो सकता है ‘काल’ , जानें क्या हुआ?

कोटा: राजस्थान की शिक्षानगरी कोटा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सड़क पर फर्राटा भर रही एक बाइक पर अचानक सांप निकल आया.बाइक पर दो युवक सवार थे.जब तक वे कुछ समझ पाते, सांप ने पीछे बैठे युवक की उंगली और फिर कूल्हे के पास डस लिया.

सांप को देखते ही दोनों युवक चलती बाइक छोड़कर दूर भाग खड़े हुए. सर्पदंश से घायल युवक को तुरंत कोटा के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक हुए इस हमले से दोनों युवक बुरी तरह घबरा गए थे।

घटना की सूचना मिलने पर जाने-माने स्नेक कैचर गोविंद शर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि करीब पौने दो फुट लंबा सांप बाइक की सीट के नीचे बड़ी चालाकी से छिपा हुआ था और अपना मुंह बाहर की ओर निकाले हुए था. गोविंद शर्मा ने सावधानीपूर्वक सांप को रेस्क्यू किया और बाद में उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया.

गोविंद शर्मा ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही सांप ठंडी और सुरक्षित जगह की तलाश में बिलों से बाहर निकलने लगते हैं. संभवतः बाइक कहीं खड़ी थी, तभी इंजन के रास्ते सांप सीट के नीचे घुस गया होगा. जब बाइक चलने लगी और उस पर दबाव पड़ा, तो सांप ने खुद को असुरक्षित महसूस कर युवक पर हमला कर दिया.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *