शिक्षक और महिला टीचर के वेतन कटौती के निर्देश

मुंगेली। जिले में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आ गई जब औचक निरीक्षण के दौरान एक स्कूल में ताला बंद मिला और दूसरे स्कूल में शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। दरअसल, कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले के शासकीय विद्यालयों की कार्यप्रणाली और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी एल. पी. डाहिरे ने विकासखंड मुंगेली के विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सुबह करीब 10 बजे शासकीय प्राथमिक शाला किंगरियापारा का स्कूल परिसर ताला बंद पाया गया और वहां कोई भी शिक्षक या स्टाफ मौजूद नहीं था। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला झिटकनिया के निरीक्षण में शिक्षक एस. एस. बघेल और शिक्षिका एस. चंद्राकर बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय के निर्धारित समय तक बंद रहने और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने को गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन अवैतनिक करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्कूलों में समय पर उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *