रायपुर। राजधानी रायपुर के अंतर्राज्यीय बस स्टैंड से बाबा ट्रैवल्स की बस चोरी होने की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज किया और बस की तलाश शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड पर खड़ी बाबा ट्रेवल्स की बस का पता सुबह जब लगाया गया तो वह गायब थी। बस स्टैंड प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्टैंड के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति और बस के गायब होने की स्थिति स्पष्ट दिखाई दी।
पुलिस ने बताया कि बस चोरी की घटना पर मामला अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस तकनीकी और साक्ष्य आधारित जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द बस बरामद की जा सके। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी ने बस के संबंध में कोई सूचना देखी या सुनी हो तो तुरंत टिकरापारा थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। इस घटना से बस स्टैंड संचालकों और यात्रियों में चिंता का माहौल बना है। पुलिस ने कहा कि चोरी की इस वारदात में शामिल आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।