टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान रॉकेट से लगी आग, अपार्टमेंट में मची अफरा-तफरी

मुंबई: मुंबई के बांद्रा इलाके में टीम इंडिया के आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर मनाए जा रहे जश्न के दौरान एक रिहायशी इमारत में आग लग गई। बताया जा रहा है कि जश्न के दौरान छोड़ा गया एक पटाखे का रॉकेट अपार्टमेंट की बालकनी में जाकर गिर गया, जिससे आग भड़क उठी। फिलहाल, आग पर काबू पाया जा चुका है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात उस समय हुई, जब इलाके में टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाते हुए लोग पटाखे जला रहे थे। रॉकेट बालकनी में गिरते ही वहां आग लग गई और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बांद्रा वेस्ट से भाजपा विधायक आशीष शेलार ने भी इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने रात करीब 3 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि बांद्रा वेस्ट के निर्मला कॉलोनी में आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और अब स्थिति नियंत्रण में है।

बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम कर लिया है। गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर भारत ने अपना तीसरा टी20 विश्व कप खिताब हासिल किया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए, भारतीय टीम ने कुल 255 रन बनाए और न्यूजीलैंड को 159 रनों पर रोककर 96 रनों से मैच जीत लिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *