श्री बालाजी मेडिकल फाउंडेशन एवं बेटर भारत फाउंडेशन रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय निःशुल्क दंत रोग जांच शिविर का आयोजन आज सनराईस टैंक्स प्राइवेट लिमिटेड (वेक्टस ग्रुप) फैक्ट्री परिसर, इंडस्ट्रियल एरिया उरला, रायपुर में किया गया।
इस शिविर में फैक्ट्री के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और विशेषज्ञ दंत चिकित्सकों से अपनी दंत संबंधी समस्याओं पर परामर्श प्राप्त किया। शिविर के दौरान दंत रोग विभाग से डॉ. चांदनी अग्रवाल एवं डॉ. राम तिवारी ने कर्मचारियों के दांतों की निःशुल्क जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। दंत सहायक हर्ष वर्मा ने जांच कार्य में सहयोग प्रदान किया। अस्पताल जनसंपर्क विभाग से वीरेंद्र खुटेल उपस्थित रहे। वहीं बेटर भारत फाउंडेशन की ओर से रिया तिवारी तथा वेक्टस ग्रुप फैक्ट्री हेड मोनू कुमार की विशेष उपस्थिति रही।
शिविर में दांतों से संबंधित विभिन्न रोगों जैसे कैविटी, मसूड़ों की सूजन, दांत दर्द, दांतों में पीलापन एवं मुख स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं का परीक्षण किया गया। साथ ही कर्मचारियों को दांतों की नियमित सफाई, दिन में दो बार ब्रश करने, कुल्ला करने की सही विधि, संतुलित आहार लेने तथा तंबाकू व गुटखा जैसे नशीले पदार्थों से दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सकों ने यह भी बताया कि समय-समय पर दंत परीक्षण कराने से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

आयोजकों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारी अपने व्यस्त समय के कारण स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते हैं, ऐसे में कार्यस्थल पर इस प्रकार के शिविर आयोजित करना अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है। इससे कर्मचारियों को निःशुल्क जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जाता है। शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों में मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रारंभिक स्तर पर रोगों की पहचान कर समय रहते उपचार की सलाह देना है।
श्री बालाजी मेडिकल फाउंडेशन एवं बेटर भारत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि सामाजिक दायित्व के तहत भविष्य में भी इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों एवं ग्रामीण अंचलों में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और नियमित रूप से चिकित्सकीय जांच कराएं।

