जैजैपुर। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2026 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय पुरस्कार एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन गायत्री शक्तिपीठ, सक्ती में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कक्षा 5वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र, मंत्र लेखन सामग्री, चालीसा, साहित्य तथा क्रमशः 500₹, 400₹ एवं 300 ₹ की नगद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हमारे विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा अपर्णा कुमारी साहू (कक्षा 10वीं, हिन्दी माध्यम) ने जिला मेरिट सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही नवयुग के संविधान “हमारा युग निर्माण सतसंकल्प” का सामूहिक वाचन कर सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का संकल्प लिया गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में विद्यालय से कुल- 136 विद्यार्थियों ने संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सहभागिता की। सर्वाधिक परीक्षार्थी सम्मिलित कराने पर विद्यालय को विशेष प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया तथा विद्यालय के प्राचार्य विजय कुमार यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व एवं प्रेरणा का विषय है।
