रायपुर। विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत आज से हो रही है। सत्र प्रारंभ होने से पहले कार्य मंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित मंत्री और विधायक मौजूद रहे। बैठक के दौरान पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच सत्र को सुचारू रूप से चलाने, प्रश्नकाल एवं अन्य विधायी कार्यों की रूपरेखा तय करने पर विस्तृत मंत्रणा की गई। साथ ही संभावित मुद्दों और सदन में उठाए जाने वाले विषयों पर भी चर्चा हुई।
बता दें कि विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से 20 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। सत्र की शुरुआत 23 फरवरी को सुबह 11:05 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे सदन में बजट पेश करेंगे। 26 और 27 फरवरी को बजट पर विस्तृत चर्चा होगी। (Chhattisgarh Vidhan Sabha Budget 2026-27) इसके अलावा सरकार सत्र के दौरान धर्म स्वतंत्रता विधेयक भी पेश करेगी। सरकार द्वारा धर्मांतरण के खिलाफ बिल लाने की तैयारी की गई है, जिसे सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।
सीएम साय का ट्वीट
आज नवीन विधानसभा के प्रथम बजट सत्र के प्रथम दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी से सौजन्य भेंट कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं। लोकतांत्रिक परंपराओं, स्वस्थ संवाद और जनहितकारी विमर्श के माध्यम से यह बजट सत्र निश्चित ही छत्तीसगढ़ के विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।