रायपुर। छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन में हंगामा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 19 फरवरी का है और दुर्ग से रायगढ़ के बीच का है। जानकारी के मुताबिक 12410 गोंडवाना एक्सप्रेस के एस-05 कोच में एक युवक ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। वीडियो में वह खुद को CRPF का जवान बताते हुए यात्रियों से उलझता और गाली-गलौज करता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार युवक ने ट्रेन में बैठे यात्रियों के साथ मारपीट की और लंबे समय तक हंगामा करता रहा। पहले तो यात्रियों ने स्थिति को सहन करने की कोशिश की लेकिन जब मामला बढ़ गया तो वे आक्रोशित हो उठे। इसी दौरान किसी यात्री ने घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।