बिलासपुर। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में महिला और उसके सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पति के जेल जाने के बाद पत्नी गांजा बेच रही थी। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। वहीं, शहर के तारबाहर थाना पुलिस ने ओडिशा से गांजा लाकर शहर में बेचने की फिराक में घूम रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और ट्रॉली बैग में रखे 10 किलो 594 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। दरअसल, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चल रहा है। ऐसे में कोनी थाना क्षेत्र के बिरकोना में कुछ दिन पहले अदीप उर्फ टेंगना को गांजा के साथ पकड़ा गया था।
उसे रिमांड पर जेल भेजा गया। पति के जेल जाने के बाद उसकी पत्नी प्रमिला वर्मा ने अवैध कारोबार संभाल लिया और गांजा बेचने लगी। पुलिस को सूचना मिली कि प्रमिला वर्मा अपने घर में गांजा रखे हुए है। पुलिस टीम ने उसके घर दबिश दी। उस समय वह घर की सीढ़ियों पर बैठकर गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार कर रही थी। घर की तलाशी में 3 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया।