फ्री में राशन मिलना बंद, सरपंच पावर दिखाकर सरकार को दिखा रहा ठेंगा

मुंगेली। मुंगेली जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली कुंवागांव पंचायत में राशन वितरण को लेकर एक अजब-गजब मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के सरपंच मयाराम साहू ने राशन दुकान में बैठकर खुलेआम दादागिरी करते हुए राशन देने के नाम पर 300 से 500 रुपए तक की वसूली की है.

ग्रामीणों का कहना है कि “पैसा दो, राशन लो” की तर्ज पर वसूली की गई. आरोप है कि इस रकम को ‘ग्राम टैक्स’ का नाम दिया गया, लेकिन न तो कोई रसीद दी गई और न ही कोई आधिकारिक मापदंड बताया गया कि किस आधार पर और किससे कितनी राशि ली जानी है. बिना किसी लिखित आदेश या पारदर्शी प्रक्रिया के सीधे वसूली शुरू कर दी गई.मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से राशन दुकान में वसूली का दृश्य दिखाई दे रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि जब मीडिया की टीम शिकायत के आधार पर मौके पर पहुंची और सरपंच से सवाल किए, तो वे कैमरे के सामने से भाग खड़े हुए.

इस संबंध में मुंगेली जनपद पंचायत सीईओ विक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायतों को ग्राम टैक्स लेने के निर्देश नियमानुसार दिए गए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स की वसूली निर्धारित प्रक्रिया और नियमों के तहत ही की जानी चाहिए. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं, वैसी जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *