बिलासपुर। गांजा तस्कर महिला से पुलिस ने 900 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान उसके घर के किचन में अलग-अलग डिब्बों में 5 लाख 26 हजार रुपए कैश भी बरामद किए गए। जिले में पुलिस नशे का सामान बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस दौरान एक ही दिन में 12 प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कोटा पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि ग्राम गनियारी के वर्मा मोहल्ले में रहने वाली महिला गांजा बेचती है। इस पर पुलिस ने गांव की काजल वर्मा के घर में दबिश दी। तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके कब्जे से 900 ग्राम गांजा जब्त किया। गांजे की कीमत 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
जांच के दौरान टीम ने जब महिला के घर के रसोई की जांच की तो अलग-अलग डिब्बों में 500, 200 और 100 रुपए के कुल 5.26 लाख रुपए बरामद हुए। पुलिस ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।