रेलवे पुलिस ने जब्त की 15 किलो नशे की खेप

चंडीगढ़। रेलवे पुलिस हरियाणा ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 15 किलो 84 ग्राम चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपए आंकी गई है। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने जीआरपी चंडीगढ़ की टीम की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। रेलवे मार्गों के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में युवाओं को नशे से बचाने एवं समाज को सुरक्षित रखने हेतु व्यापक स्तर पर निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। एसपी जीआरपी नितिका गहलोत ने बताया कि रेलवे स्टेशन चंडीगढ़ पर विशेष चैकिंग अभियान के दौरान थाना प्रबंधक निरीक्षक उर्मिला देवी के नेतृत्व में गठित टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका। आरोपियों की पहचान राहुल (24) पुत्र तारा चंद निवासी गांव चौगां कुल्लू, थाना भुंतर, रमजान (24) पुत्र मोहम्मद अली, निवासी राहदर भुंतर कुल्लू के रूप में हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *