अंबिकापुर। अंबेडकर चौक स्थित एक फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि अंबेडकर चौक पर स्थित यह फर्नीचर दुकान काफी बड़े इलाके में फैली हुई थी। दुकान संचालक द्वारा अलग-अलग शटर लगाकर फर्नीचर के साथ-साथ ऑटो पार्ट्स और मोटर पार्ट्स का काम भी किया जाता था।
बीती रात दुकान संचालक करीब रात 9 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था, जबकि आज सुबह करीब 4 बजे दुकान में आग लगने की सूचना मिली। आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक, आग की लपटें बेहद भयावह थीं और देखते ही देखते करीब 8 से 10 शटर वाली दुकान में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। दुकान से सटे इलाके में चाट की दुकान भी लगती थी, जहां रखा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया। सिलेंडर के फटने की आशंका से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।