कोरबा. मानिकपुर पुलिस ने बैंक अफसर के घर हुई चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है. इस वारदात को करीब तीन माह पहले जेल से रिहा हुई शातिर चोर ने अंजाम दिया था. उसने अपनी मां ही मदद से चोरी के जेवर को एक फायनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए थे. जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. मामले में मां बेटे को वैधानिक कार्रवाई उपरांत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत दादर मार्ग में बैंक अफसर राजू मोदी किराए के मकान में निवास करते हैं. उन्होंने रायपुर में जमीन की खरीदी की है, जिसकी रजिस्ट्री के सिलसिले में 6 फरवरी की सुबह अफसर रायपुर चले गए. वे 7 फरवरी की सुबह घर लौटे. उन्होंने मकान के भीतर जाकर देखा तो सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा था. शातिर चोरों ने खिड़की के रास्ते मकान में घुसकर सोने चांदी के जेवर की चोरी कर ली थी, जिसकी शिकायत बैंक अफसर ने पुलिस चौकी में दर्ज करा दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए. उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने अपनी टीम के साथ आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी. इसके लिए मुखबीरों को सक्रिय किया गया. साथ ही सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. इस दौरान सीसीटीवी कैमरे में देर रात एक संदिग्ध मकान के सामने घूमते कैद मिला. पुलिस ने कैमरे में कैद तस्वीर के आधार आवास क्रमांक डी 18 निहारिका साडा कालोनी निवासी संजय वैष्णव ऊर्फ नीलू 31 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पहले तो वह गोलमोल जवाब देता रहा, लेकिन पुलिस के सामने ज्यादा देर नही टिक सका.
उसने अफसर के घर से चोरी की बात स्वीकार कर ली. पूछताछ के दौरान पता चला कि संजय ने चोरी में मिले जेवर को अपनी मां लव कुमारी वैष्णव 50 वर्ष को दे दिए थे. उसने सोने चांदी के जेवर को मुथुट फायनेंस में गिरवी रख 52 हजार रूपए ले लिए थे. यह जानकारी मिलते ही पुलिस के कान खड़े हो गए. पुलिस ने फायनेंस कंपनी के अफसरों से संपर्क कर विधिवत जेवर को बरामद कर लिया है. खास तो यह है कि चोरी गए जेवर की कीमत 1 लाख 80 हजार बतायी गई थी, इस जेवर की वर्तमान बाजार कीमत 11 लाख 11 हजार रूपए हैं. बहरहाल मामले में मां बेटे के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 305(1),317(5) के तहत कार्रवाई की गई है.