रात में घर नहीं लौटे युवकों की तलाश में निकले परिजन, नाली में मिली लाश

बिलासपुर। शहर के तोरवा क्षेत्र के हेमू नगर में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, तोरवा क्षेत्र के हेमूनगर वाम्बे आवास में रहने वाले राहुल यादव (26) रोजी मजदूरी करते थे। रविवार की रात वे अपने ही अपार्टमेंट में रहने वाले दोस्त सुमित यादव (20) को साथ लेकर घुमने के लिए निकले थे। राहुल और सुमित रातभर घर नहीं आए।

तब स्वजन उनकी तलाश में निकले। सुबह करीब पांच बजे किसी ने उनकी बाइक को नाली में देखकर आसपास के लोगों को सूचना दी। तब पुलिस और राहुल व सुमित के स्वजन मौके पर पहुंचे। इसी बीच किसी ने हादसे की जानकारी एंबुलेंस को भी दे दी। एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। नाली से निकालकर दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर शव चीरघर भेज दिया। वहीं, सुमित को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन उसे निजी अस्पताल ले गए। इधर हादसे की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *