अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार,रणजीता स्टेडियम में नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों से की चर्चा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जशपुरनगर, ‘इंडिया इन स्पेस’ थीम पर आधारित 4 फरवरी को आयोजित होने वाले अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गई है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आज कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार ने रणजीता स्टेडियम जशपुर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण एवं समन्वय बैठक की। बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं दायित्वों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नोडल अधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि 4 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक अवसर है, जिसमें अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के साथ जिले के लगभग 10 हजार विद्यार्थी प्रत्यक्ष संवाद करेंगे। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान अपर कलेक्टर प्रदीप साहू, डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी – कर्मचारीगण मौजूद रहे।

व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस –

बैठक में मंच, बैठक व्यवस्था, टेंट, माइक-साउंड सिस्टम, लाइव स्ट्रीमिंग, विद्युत एवं जनरेटर, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय, आपातकालीन चिकित्सा एवं एम्बुलेंस, अग्निशमन, विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही, रंगोली एवं सजावट, सेल्फी प्वाइंट, प्रदर्शनी एवं विभिन्न बौद्धिक प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। सीईओ जिला पंचायत ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुविधा, अनुशासन एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का सशक्त माध्यम है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम स्मरणीय, प्रेरणादायक और अनुकरणीय बने।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *